Viral Video Saharanpur Madrasa : इल्म-ए-दीन की आड़ में हैवानियत करने वाले दो मौलाना गिरफ्तार


शिखर संवाद ब्यूरो-

Viral Video Saharanpur Madrasa : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से कलेजा कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। जहां दीनी तालीम देने वाले उस्तादों ने मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं। एक 10 साल के मासूम को मदरसे के बंद कमरे में बेरहमी से पीटा गया। बच्चा रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन मौलानाओं का दिल नहीं पसीजा। अब इस हैवानियत का वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है।

सहारनपुर के गंगोह कस्बे का है यह मामला

यह सनसनीखेज मामला सहारनपुर के कस्बा गंगोह स्थित मदरसा दारुल उलूम ज़करिया का है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने पूरे इलाके में आक्रोश पैदा कर दिया है। वीडियो में साफ़ दिख रहा है कि किस तरह एक मासूम बच्चे के साथ जानवरों से भी बदतर सुलूक किया गया।

एक ने उल्टा लटकाकर पैर पकड़े दूसरे ने बरसाए डंडे

मदरसे के दो मौलानाओं ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। एक मौलाना ने बच्चे को उल्टा लटकाकर उसके पैर मजबूती से पकड़ रखे थे, ताकि वह हिल न सके। वहीं, दूसरे मौलाना ने हाथ में डंडा थाम रखा था और एक के बाद एक कुल 36 डंडे बच्चे की पीठ और पैरों पर बरसाए। बच्चा दर्द से तड़पता रहा, गिड़गिड़ाता रहा, लेकिन इन तथाकथित 'गुरुओं' को जरा भी दया नहीं आई।

विवाद के चलते सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

हैरान करने वाली बात यह है कि यह वीडियो करीब डेढ़ साल पुराना है। पुलिस जांच में पता चला कि मदरसे के ही एक तीसरे मौलाना का इन दोनों आरोपियों से किसी बात पर विवाद हो गया था। इसी आपसी रंजिश और बदले की आग में उस तीसरे मौलाना ने 3 अप्रैल को यह वीडियो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी मौलानाओं को धर दबोचा

वीडियो सामने आते ही सहारनपुर पुलिस हरकत में आई। संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपी मौलानाओं को दबोच लिया है। पुलिस का कहना है कि शिक्षा के नाम पर इस तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल आरोपी सलाखों के पीछे हैं और मामले की गहन जांच जारी है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ